कपूरथला मेले में एक घंटे तक हवा में अटके लोग:तकनीकी खराबी से ऊपर रुका पेंडुलम राइड झूला, बच्चों की चीख पुकार मची अफरातफरी

कपूरथला के बेगोवाल में आयोजित एक मेले में रविवार देर रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक विशाल पेंडुलम राइड झूला अचानक तकनीकी खराबी के कारण हवा में ही रुक गया। झूले के रुकते ही उसमें बैठे लोगों की जान आफत में पड़ गई और पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, यह मेला संत बाबा प्रेम सिंह जी की सालाना बरसी के उपलक्ष्य में 1, 2 और 3 जून को बेगोवाल में आयोजित किया जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी लोगों और बच्चों के मनोरंजन के लिए मेले में तरह-तरह के आधुनिक झूले लगाए गए हैं। परिजनों में मची चीख-पुकार, भारी भीड़ जमा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार की रात जब मेला पूरे शबाब पर था, तभी अचानक मुख्य हिंडोला झूला ऊंचाई पर जाकर जाम हो गया। झूले में फंसे लोग और बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे, जिससे नीचे खड़े उनके परिजनों में भी घबराहट फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपनों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित नजर आए। एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी सुरक्षित घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए झूला संचालकों ने तुरंत मोर्चा संभाला। लगभग एक घंटे की कड़ी तकनीकी मशक्कत के बाद झूले की खराबी को दूर किया गया। इसके बाद झूले में फंसे सभी श्रद्धालुओं और बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी ने राहत की सांस ली। प्रशासन से सुरक्षा जांच की मांग इस डरावने अनुभव के बाद मेले में आए अन्य लोगों और स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। लोगों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि मेले में चल रहे सभी झूलों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तुरंत पूरी फिटनेस जांच (Safety Audit) करवाई जाए। बिना पुख्ता सुरक्षा प्रमाणपत्र के किसी भी झूले को चलाने की अनुमति न दी जाए, ताकि भविष्य में होने वाले किसी बड़े और जानलेवा हादसे को समय रहते टाला जा सके।

   

सम्बंधित खबर