ड्यूटी के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत:कपूरथला में परिजनों ने सबस्टेशन के बाहर धरना दिया, अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में ड्यूटी के दौरान एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथी कर्मचारियों ने 66 KV बिजली सबस्टेशन लोहियां खास के बाहर धरना प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। मृतक की पहचान 30 वर्षीय ओंकार सिंह उर्फ साहिब के रूप में हुई है, जो रामपुर जागीर गांव, सुल्तानपुर लोधी का निवासी था। वह लोहियां बिजली कार्यालय में लाइनमैन के पद पर तैनात था और अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था। जानकारी के अनुसार, ओंकार सिंह गांव टुरना में बिजली की लाइन ठीक कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक करंट लग गया। गंभीर रूप से घायल ओंकार सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद, परिवार और कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह दुखद हादसा जेई तरलोक सिंह की कथित लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण हुआ। प्रदर्शनकारी बोले- जल्द से जल्द मामला दर्ज हो प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की भी मांग की। कई घंटों तक चले इस प्रदर्शन के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। मृतक ओंकार सिंह के चचेरे भाई धर्मवीर ने बताया कि ओंकार सिंह पहले संविदा कर्मी थे और कुछ दिन पहले ही उनकी विभाग में स्थायी नौकरी हुई थी। उन्हें शनिवार को ही जॉइनिंग लेटर मिलना था।दूसरी तरफ बिजली विभाग के सीनियर इंजीनियर (SE) एसपी सोंधी ने घटना पर दुःख प्रकट करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हालांकि यह एक हादसा है। ओंकार सिंह CHB टीम का कॉन्ट्रेक्ट कर्मी था। जिसकी पक्की नौकरी के लिए अप्रूवल आ गई थी। जो कि मेडिकल व अन्य ओपचारिकताएं निभाने के बाद उसको ज्वाइन करवाना था। उन्हें तथा उनकी टीम को इस घटना का बेहद दुख है। इस दुख की घड़ी में पूरा विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। और सोमवार को वह खुद परिवार को मिलकर शोक व्यक्त करेंगे और साथ ही 25 लाख रुपए का मुआवजा भी देंगे। फिलहाल लाइनमैन ओंकार सिंह की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा खो चुके परिवार की आंखें न्याय की राह देख रही हैं, जबकि प्रशासन और विभाग के अधिकारी मामले को शांति से सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।

   

सम्बंधित खबर