कपूरथला में 14 साल की नाबालिग लड़की लापता:मां काम से लौटी तो बेटी घर से गायब थी, युवक पर शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप
- DSS Admin
- May 10, 2026
शहर के नई सब्जी मंडी इलाके से एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। लड़की की मां ने एक युवक पर अपनी बेटी को शादी का लालच देकर अगवा करने का आरोप लगाया है। इस शिकायत के आधार पर थाना सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि यह घटना 19 अप्रैल की है। महिला रोज की तरह अपने काम पर गई थी और उसकी 14 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। जब महिला शाम को काम से वापस लौटी, तो उसने देखा कि उसकी बेटी घर से गायब है। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो महिला ने पुलिस की शरण ली। पड़ोस के युवक पर लगा आरोप महिला ने अपनी शिकायत में 'सत्यम' नामक युवक पर शक जताया है। महिला का आरोप है कि पंजाब ग्रामीण बैंक के पास रहने वाला सत्यम पुत्र विपन, उसकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी बेटी की जन्म तिथि 7 नवंबर 2009 है और वह स्कूल नहीं जाती है। पुलिस की कार्रवाई और जांच थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला के बयानों के आधार पर आरोपी सत्यम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें लड़की और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही लड़की को बरामद कर लिया जाएगा और आरोपी को कानून के हवाले किया जाएगा।

