कपूरथला में 16 साल की नाबालिग छात्रा को भगाया:शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप, युवक पर FIR, पुलिस कर रही छापेमारी
- DSS Admin
- May 14, 2026
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी उपमंडल क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में छात्रा की माँ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में नाबालिग की मां ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी ने हाल ही में 12वीं (+2) की परीक्षा दी है। उसको गांव सेंचा निवासी सुखचैन सिंह बहला-फुसलाकर ले गया है। महिला के अनुसार, सुखचैन सिंह ने उसकी बेटी को शादी का झांसा दिया और 11 मई को उसे अपने साथ कहीं भगा ले गया। 16 साल से भी कम है उम्र शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की जन्म तिथि 8 अगस्त 2010 है, जिसके अनुसार उसकी उम्र 16 साल से भी कम है वह अभी नाबालिग है। नाबालिग को इस तरह शादी का प्रलोभन देकर ले जाना कानूनी रूप से गंभीर अपराध है। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद जब छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस की शरण ली। पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी मामले की गंभीरता को देखते हुए सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने आरोपी सुखचैन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई गुरुदयाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की टीमें आरोपी और छात्रा की बरामदगी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस आसपास के लोगों और आरोपी के करीबियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से पीड़िता के परिवार में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही छात्रा को सकुशल बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा।

