लुधियाना में फर्जी पुलिस कर्मी बनकर लूट:फल विक्रेता और चचेरे भाई की ली तलाशी, बहाने से छीना आईफोन और नकदी

लुधियाना में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। थाना जमालपुर की पुलिस ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसने खुद को पुलिस मुलाजिम बताकर दो फल विक्रेताओं से नकदी और मोबाइल फोन ठग लिया। आरोपी की पहचान होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता सुनील यादव निवासी नजदीक ब्लॉसम स्कूल, मुंडियां कलां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 6 जून की दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने चाचा के बेटे चंद किशोर यादव के साथ 33 फुटा रोड स्थित सरकारी फ्लैटों के पास खड़े होकर फल बेच रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। पुलिस कर्मी खुद को बता ली तलाशी आरोपी ने खुद को पुलिस कर्मचारी बताते हुए दोनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इस दौरान उसने सुनील यादव की पैंट की जेब से 2 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं चंद किशोर यादव का आईफोन-11 और उसकी जेब में रखे 6 हजार रुपये भी अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद आरोपी ने दोनों को थाने ले जाने की बात कही और सुनील यादव को अपने मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुछ दूरी तक ले गया। मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी उसे रास्ते में उतारकर फरार हो गया। पीड़ितों ने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की तो उसकी पहचान गुरजीत सिंह निवासी रविदास गुरुद्वारे के नजदीक, गांव झांडेवाल, लुधियाना के रूप में हुई। मामले की जांच के बाद थाना जमालपुर पुलिस ने आरोपी गुरजीत सिंह के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

   

सम्बंधित खबर