लुधियाना| शहर के विभिन्न इलाकों में एक व्यक्ति सहित तीन नाबालिग लड़कियां लापता हो गई गई। पहले मामले में थाना सदर इलाके के गांव ललतों कलां निवासी बलजीत कौर ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका पति अमनदीप सिंह (42) 14 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे घर के काम से पैदल बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि किसी व्यक्ति ने निजी रंजिश या स्वार्थ के चलते उसके पति को कहीं छिपाकर रखा हुआ है। अमनदीप प्राइवेट नौकरी करता है। थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरे मामले में थाना पीएयू क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 12 मई की रात घर से अचानक गायब हो गई। सुबह उठने पर परिवार को बेटी घर में नहीं मिली। जांच के दौरान पता चला कि मयंक चौहान नाम का युवक उसे शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। आरोपी नई दिल्ली की जेजे कॉलोनी मदनपुर खादर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीसरे मामले में थाना मेहरबान इलाके के नूरवाला रोड निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसकी 13 वर्षीय बेटी 13 मई की दोपहर करीब डेढ़ बजे बिना बताए घर से चली गई। काफी तलाश के बाद परिवार को पता चला कि रोहित नाम का युवक उसे अपने साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी थाना क्षेत्र में चौथा मामला भी सामने आया। गांव बूथगढ़ निवासी अशोक ने पुलिस को बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी 13 मई को अचानक घर से गायब हो गई। परिवार की जांच में सामने आया कि राहुल नामक युवक उसे शादी की नीयत से अपने साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपी राहुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

