रख बाग से व्यक्ति की एक्टिवा चोरी

लुधियाना| रख बाग इलाके में मॉर्निंग वॉक पर गए एक व्यक्ति की एक्टिवा चोरी हो गई। वारदात 13 मई की सुबह की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक युवक एक्टिवा चोरी कर फरार होता दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक पर्चा दर्ज नहीं किया है। जानकारी के अनुसार ब्रजेश जिंदल रोजाना की तरह सुबह करीब 7 बजे रख बाग इलाके में सैर करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो एक्टिवा मौके से गायब मिली। इसके बाद पीड़ित ने थाना डिवीजन नंबर-8 पुलिस को शिकायत दी। ब्रजेश जिंदल का कहना है कि पुलिस ने केवल कच्ची शिकायत दर्ज कर उन्हें इंतजार करने के लिए कह दिया। वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज में आरोपी का चेहरा भी साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द केस दर्ज करें।

   

सम्बंधित खबर