मोगा में सड़क हादसे में लुधियाना के युवक की मौत:काम निपटाकर घर जगराओं के कोटली लौट रहा था, पीछे से बाइक सवार ने मारी टक्कर
- Neha Gupta
- Jun 29, 2026
मोगा के कोट ईसे खां इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने एक एक्टिवा स्कूटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरवीर सिंह के रूप में हुई है, जो लुधियाना जिले की जगराओं तहसील के गांव कोटली का रहने वाला था और उसके पिता का नाम हरचंद सिंह है। जानकारी के अनुसार, 26 जून को हरवीर सिंह अपनी एक्टिवा स्कूटर पर कोट ईसे खां में अपना काम निपटाकर वापस घर लौट रहा था। स्कूल के पास हुआ हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे, जब हरवीर सिंह धर्मकोट रोड पर स्थित पाथवे स्कूल के पास पहुंचा, तो पीछे से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरवीर सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद घायल हरवीर सिंह को इलाज के लिए कोट ईसे खां के हरबंस नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर चोट के कारण उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता हरचंद सिंह के बयानों के आधार पर थाना कोट ईसे खां की पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

