मोगा में दो भाइयों का अपहरण कर बंधक बनाकर पीटा:सीसीटीवी चोरी विवाद से जुड़ा मामला, नंबरदार समेत पांच पर केस दर्ज
- DSS Admin
- May 25, 2026
मोगा के थाना अजीतवाल क्षेत्र के गांव कोकरी कलां में दो भाइयों को अगवा कर बंधक बनाने और उनके परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना कथित तौर पर सीसीटीवी कैमरा चोरी के विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस ने गांव के नंबरदार सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों की पहचान तरसेम सिंह और दलजीत सिंह के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता कुलदीप कौर ने पुलिस को बताया कि बीती रात गांव के नंबरदार बलजीत सिंह समेत अन्य आरोपी हथियारों से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि उन्होंने आते ही परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनके बेटों से कथित तौर पर चोरी हुए सीसीटीवी कैमरों के बारे में पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने बंधक बनाकर पीटा परिवार ने पंचायत बुलाकर मामला सुलझाने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक नहीं सुनी। आरोप है कि कुलदीप कौर के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी तरसेम सिंह और दलजीत सिंह को जबरदस्ती घसीटकर जसविंदर सिंह के घर ले गए, जहां उन्हें बंधक बनाकर पीटा गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि गांव में जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि युवकों को अगवा करना गलत था और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

