मोगा में पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, हालत गंभीर:जिम जाते समय हथियारबंद आरोपियों ने अधमरा किया, कुछ समय पहले हुआ था विवाद
- DSS Admin
- May 29, 2026
मोगा जिले के समालसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव भलूर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हथियारबंद हमलावरों द्वारा बेरहमी से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार चल रहे बाकी दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जिन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। हथियारों के बल पर बेरहमी से पिटाई घायल सुखजोत सिंह निवासी गांव भलूर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसका गांव के ही कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। 10 मई की दोपहर को जब सुखजोत अपने गांव के सरकारी स्कूल में बने जिम की तरफ जा रहा था, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे निशान सिंह, बलकार सिंह और हरविंदर सिंह उर्फ चुंझ ने उसे रोक लिया और हथियारों के बल पर उस पर टूट पड़े। शोर मचाने पर फरार हुए हमलावर पीड़ित के अनुसार,आरोपियों ने उस पर हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और उसे अधमरा कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाया। आसपास के ग्रामीणों और परिजनों को आता देख तीनों हमलावर अपने हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। इसके बाद खून से लथपथ सुखजोत को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश तेज जांच अधिकारी और थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित सुखजोत सिंह के बयानों और शुरुआती तफ्तीश के आधार पर आरोपी निशान सिंह, बलकार सिंह और हरविंदर सिंह उर्फ चुंझ के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ चुंझ को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे पूछताछ के बाद माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।

