जीरकपुर भाजपा कार्यालय में घुसे पांच नकाबपोश युवक:दीवारों और पार्टी नेताओं के पोस्टरों पर फेंकी इंक, हंगामा मचाया

पंजाब में राजनीतिक माहौल के बीच जीरकपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आज एक घटना ने हलचल मचा दी। पांच नकाबपोश युवकों ने कार्यालय में घुसकर दीवारों और पोस्टरों पर इंक फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, नकाबपोश युवक अचानक भाजपा दफ्तर में दाखिल हुए और कार्यालय के अंदर लगी दीवारों पर इंक फेंकना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरदर्शन सैनी की तस्वीर पर भी इंक फेंकी। इस दौरान कार्यालय के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पंजाब सरकार व मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी कुछ मिनट तक कार्यालय में हंगामा करते रहे और बाद में मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है, जिसमें पांच नकाबपोश युवक कार्यालय की ओर आते और जाते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को डराने का प्रयास किया जा रहा है और रोजाना गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भी भय का माहौल बन रहा है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद डेराबस्सी हलके में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है।

   

सम्बंधित खबर