मोहाली में बेकाबू कार शोरूम में घुसी:महिला चालक नियंत्रण खो बैठी, शोरूम के शीशे टूटे, सामान क्षतिग्रस्त

मोहाली के जीरकपुर के पूजा प्लाजा में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला चालक की बेकाबू कार सीधे एक शोरूम में जा घुसी। इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाई और कथित तौर पर ब्रेक समय पर नहीं लग सके। इसके परिणामस्वरूप कार सीधे शोरूम के अंदर घुस गई। इस हादसे में कार और शोरूम दोनों को काफी नुकसान हुआ है। शोरूम के शीशे टूट गए और अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या कार की चपेट में आने की कोई सूचना नहीं है। इस प्रकार एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। फिलहाल, नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है। तस्वीर से ​देखिए हादसा

   

सम्बंधित खबर