पठानकोट-गुरदासपुर हाईवे पर बस पलटी:जम्मू लौट रहे 2 छात्रों की मौत; पीछे आ रहीं गाड़ियां भी टकराईं; 5 लोग घायल
- DSS Admin
- May 22, 2026
गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह धारीवाल के नजदीक कस्बा कलेर खुर्द के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अमृतसर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के पलटते ही उसके पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकरा गईं। इस दुर्घटना में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पेपर खत्म होने की थी खुशी, पल भर में बदली मातम में जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस में ज्यादातर कॉलेज के छात्र सवार थे। ये सभी अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते हैं। परीक्षाओं के खत्म होने और छुट्टियां शुरू होने के बाद सभी छात्र बेहद खुश थे और बस में सवार होकर अपने घर जम्मू लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद किलोमीटर का यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा। आंखों देखा हाल: पलक झपकते ही मच गई चीख-पुकार मौके पर मौजूद और हादसे में बाल-बाल बचे ग्लोबल कॉलेज के छात्र नितिश, हरीश और विश्व अरोड़ा ने रोते हुए बताया कि हमारे पेपर खत्म हुए थे, इसलिए हम सब छुट्टियां बिताने अपने घर जम्मू जा रहे थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और जोरदार धमाके के साथ बस पलट गई। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। हमारे दो साथी अब इस दुनिया में नहीं रहे। हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने बहाल करवाया यातायात हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। क्रेन से वाहन हटवा बहाल करवाया ट्रैफिक मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और आपस में टकराए अन्य वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करवा दिया है। मृतक युवकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस कर रही मामले की जांच स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की गति सीमा पर नियंत्रण न होना और अचानक बस का संतुलन बिगड़ना इस बड़े हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बस की रफ्तार तय सीमा से अधिक तो नहीं थी।

