पठानकोट में ड्रग्स तस्करी-हवाला नेटवर्क बेनकाब:नशे की कमाई को हवाला से करते थे ट्रांसफर; 1 आरोपी अरेस्ट, 1 फरार
- DSS Admin
- May 15, 2026
पठानकोट पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध हवाला कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया। जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि, दूसरा फरार बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस पार्टी तारागढ़ से बकनौर के रास्ते कथलौर की तरफ गश्त पर थी। जब पुलिस की टीम गांव बकनौर मोड़ के पास पहुंची, तो एक विशेष मुखबिर ने सूचना दी कि अरुण निवासी गांव परमानंद और भार्गव जसरोटिया निवासी बरवाल, कठुआ, जम्मू-कश्मीर नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त करते हैं। हवाला के जरिए होता था लेनदेन पुलिस को ये भी सूचना मिली कि दोनों आरोपी नशे के कारोबार से होने वाली काली कमाई को 'हवाला' के जरिए एक जगह से दूसरी जगह भेजते थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना को विश्वसनीय मानते हुए तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनसीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 27-A, 29, 61, 85 और फेमा विदेशी मुद्रा अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया। एक आरोपी गिरफ्तार दूसरा फरार मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तारागढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हवालात में बंद कर दिया है। फिलहाल पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांच अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

