पठानकोट में युवक की दातर से काटकर हत्या:दोस्त का सिर फोड़ा; ढाबे पर खाना खाते समय कहासुनी के बाद वारदात
- DSS Admin
- May 16, 2026
पठानकोट के नरोट जयमल सिंह में एक 27 वर्षीय युवक की तेजधार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई। वहीं, उसके एक दोस्त को सिर में दातर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसे पठानकोट के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसके परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां उसकी हालात गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान नरोट जयमल सिंह के गांव तालुका के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक का नाम तनुज (21) है। वह भी इसी गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि इनकी ढाबे पर खाना खाते समय कुछ लोगों से बहस हुई थी। इसके बाद यह वारदात हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। ढाबे पर कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ मृतक के जीजा रविंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात राजकुमार और तनुज दोनों खाना खाने के लिए रोड जमाल सिंह के एक ढाबे पर पहुंचे थे। वहां पहले से कुछ लोग बैठे हुए थे। उनसे दोनों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उन लोगों ने राजकुमार और तनुज पर हमला कर दिया। उक्त लोगों ने दोनों को दातर मारे। हमले में राजकुमार और तनुज दोनों बुरी तरह घायल हुए। पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि राजकुमार के सिर, पेट, छाती, गर्दन और टांगों पर गहरे घाव थे। जबकि, तनुज के सिर पर दातर से गहरा घाव हुआ है। मृतक की टांग में कई फ्रैक्चर, आंखों पर घाव उन्होंने बताया कि राजकुमार को जब अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो गई। उसकी बाई टांग कई जगह से फ्रैक्चर हुई थी। इसके अलावा उसकी आंखों में भी गहरे घाव थे। वहीं, तनुज को अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, पारिवारिक सदस्यों ने उसे पठानकोट के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल, लाश को पठानकोट सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

