पत्नी के अवैध संबंधों से तंग पति ने की खुदकुशी:पत्नी और उसका प्रेमी देता था जान से मारने की धमकियां, प्रताड़ना से तंग आकर हलवाई ने दरिया में कूदकर दी जान
- DSS Admin
- May 12, 2026
पठानकोट के अधीन आते थाना तारागढ़ के गांव अदालतगढ़ में पत्नी के अवैध संबंधों और उसके प्रेमी की धमकियों से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक 46 वर्षीय रमेश पाल पेशे से हलवाई था। रमेश पाल घरेलू कलह और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर 6 मई को घर से चला गया और 10 मई को उसकी लाश अदालतगढ़ दरिया में मिली। तारागढ़ पुलिस ने इस मामले में मृतक की माता के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी के थे अवैध संबंध शिकायतकर्ता मृतक की माता शकुंतला देवी ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि उनके बड़े लड़के रमेश पाल (46) की पत्नी जसवंती उर्फ ललिता के संबंध गुरदासपुर के गांव मराड़ा बहिरामपुर के रहने वाले शिवा नामक युवक के साथ थे। शिवा अक्सर सोशल मीडिया के जरिए जसवंती के संपर्क में रहता था। फरवरी में पहली बार हुआ झगड़ा शकुंतला देवी के अनुसार घटनाक्रम की शुरुआत 16 फरवरी को हुई। जब दोपहर करीब 2:45 पर जसवंती से मिलने उनके घर शिवा पहुंचा। जब रमेश के छोटे भाई प्यारा लाल ने शिवा के घर आने पर आपत्ति जताई, तो जसवंती ने अपने ही देवर प्यारा लाल पर दातर से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस घटना के संबंध में पुलिस 21 फरवरी को मामला भी दर्ज किया। समझौते का दबाव और जान से मारने की धमकी शकुंतला देवी ने पुलिस को बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी शिवा और उसके पिता साबू पंडित पीड़ित परिवार पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि जसवंती भी शिवा और साबू पंडित का पक्ष लेती थी और अपने पति रमेश पाल को बार-बार मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। पत्नी ने दी थी जान से मारने की धमकी शकुंतला देवी के अनुसार राजीनामा न करने से नाराज जसवंती अपने पति रमेश पाल को कहती थी कि तू मर क्यों नहीं जाता। जसवंती रमेश को कहती थी कि अगर तूने अपने भाई को समझाकर समझौता नहीं कराया, तो हम तुझे और तेरे परिवार को जान से मार देंगे। जसवंती से बेहद प्यार करता था रमेश शकुंतला देवी ने पुलिस को बताया कि रमेश अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता था, लेकिन उसकी बेवफाई और लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा। उसने डर और परेशानी के कारण काम पर जाना भी बंद कर दिया था। जसवंती अपने पति रमेश पाल को लगातार ताने मारती थी और बेइज्जत करती थी। 6 मई तो हुआ लापता, 10 को मिली लाश परिवार का कहना है कि तनाव के चलते रमेश पाल 6 मई की आधी रात करीब 12 से 2 बजे के बीच बिना बताए घर से निकल गया। 7 मई को परिजनों ने थाना तारागढ़ में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। लेकिन, 10 मई शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि अदालतगढ़ दरिया में एक अज्ञात शव बह रहा है। मृतक के भतीजे जॉनी और अन्य ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान रमेश पाल के रूप में हुई। पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी और उसका पिता फरार मृतक की मां शकुंतला ने स्पष्ट आरोप लगाया है कि उसके बेटे ने जसवंती, शिवा और साबू पंडित की प्रताड़ना से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, जसवंती को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

