पठानकोट पहुंचे सुखजिंदर रंधावा ने विजिलेंस पर उठाए सवाल:विजिलेंस को बताया उगाही केंद्र, बोले-सीबीआई या ईडी को इधर-उधर भटकने की बजाए सीधे राघव चड्ढा से करे पूछताछ
- DSS Admin
- May 12, 2026
पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और गुरदासपुर से सासंद सुखजिंदर सिंह रंधावा मंगलवार को पठानकोट पहुंचे। रंधावा ने इस दौरान पंजाब सरकार के साथ-साथ विजिलेंस विभाग पर भी सवाल खड़े किए। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि विजिलेंस विभाग अब उगाही केंद्र बन गया है। नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे जुमलेबाजी की सरकार करार दिया। विजिलेंस बन गया एक्सटॉर्शन सेंटर - रंधावा सासंद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने हालिया विजिलेंस पर सीबीआई रेड का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब का विजिलेंस विभाग अब भ्रष्टाचार रोकने के बजाय एक्सटॉर्शन सेंटर (वसूली केंद्र) बन गया है। उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि विभाग के मुखिया पर ही सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने भगवंत मान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ मंचों पर खड़े होकर चुटकुले सुनाते हैं, जो पंजाब की गौरवशाली संस्कृति के खिलाफ है। पंजाबियों ने देश को खड़ा किया है, हम मजाकिया नहीं, लड़ने वाले लोग हैं। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी उठाए सवाल सुखजिंदर रंधावा ने इस दौरान पंजाब की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े किए। रंधावा ने सवाल उठाया कि अगर सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य बीमा योजनाएं इतनी अच्छी हैं, तो मुख्यमंत्री खुद इलाज के लिए निजी अस्पताल क्यों गए। अगर उन्हें सरकारी अस्पतालों से डर लगता है, तो आम गरीब आदमी वहां कैसे जाएगा। राघव चड्ढा से पूछताछ करे सीबीआई और ईडी रंधावा ने भ्रष्टाचार की जांच के लिए सीधा सूत्र बताते हुए कहा कि सीबीआई या ईडी को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। उन्हें सिर्फ राघव चड्ढा से पूछताछ करनी चाहिए। रंधावा ने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा से पूछना चाहिए कि राज्यसभा सांसद बनाने के लिए किस उद्योगपति या अफसर से कितने पैसे लिए गए। उनसे पूछताछ होते ही अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान तक पहुंचने वाले सारे रास्ते साफ हो जाएंगे। केंद्र की नीतियों को बताया जनविरोधी भाजपा के जीत के दावों पर रंधावा ने कहा कि पंजाब के लोग कभी नहीं भूलेंगे कि बॉर्डर पर बैठे 700 पंजाबी किसान शहीद हुए थे। काले कानूनों का जख्म अभी भरा नहीं है। रंधावा ने कहा कि भाजपा पाकिस्तान को जवाब देने में नाकाम रही है। पठानकोट में जब 8-8 ड्रोन एक साथ मंडरा रहे थे, तब भाजपा नेता कहीं नजर नहीं आ रहे थे। भाजपा करती है वाशिंग मशीन की राजनीति रंधावा ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वे बड़े-बड़े दागी नेताओं पर रेड करवाते हैं और फिर उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर 'वाशिंग मशीन' की तरह साफ कर देते हैं। असम के मुख्यमंत्री और पश्चिम बंगाल के नेताओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने भाजपा को भ्रष्टाचार की जननी बताया। कांग्रेस में नहीं कोई गुटबाजी पत्रकारों के सवालों पर रंधावा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। पार्लियामेंट चुनाव में भी पार्टी एकजुट थी और आज भी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देशानुसार जिला अध्यक्षों को पूरी ताकत दी गई है। वे बिना किसी दबाव के वफादार और जीतने वाले उम्मीदवारों का चयन करेंगे। रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार केवल प्रचार और वसूली में लगी है, जबकि विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने 2022 से अब तक की सभी विजिलेंस एफआईआर की निष्पक्ष जांच की मांग की।

