संगरूर में कर्मचारियों ने सरकार का पुतला फूंका:डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन; कहा-चुनावी वादों से मुकर रही AAP

पंजाब के संगरूर जिले में क्लास फोर गवर्नमेंट एम्पलाइज यूनियन और पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर किया गया, जहां कर्मचारियों ने सरकार और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। यूनियन नेता मेला सिंह पुन्नांवाला ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने चुनाव के समय कर्मचारियों से किए गए वादों को भुला दिया है। लंबित मांगें पूरी नहीं करने पर जताया रोष पुन्नांवाला ने बताया कि सरकार ने कच्चे, आउटसोर्स और स्कीम वर्करों को स्थायी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने का वादा भी अधूरा है। कर्मचारियों की एक प्रमुख मांग वर्ष 2004 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों पर पुरानी पेंशन योजना लागू करना है, जिस पर सरकार कोई निर्णय नहीं ले रही है। इसके अतिरिक्त, 17 जुलाई 2020 के एक पत्र को वापस लेने की मांग भी लगातार अनसुनी की जा रही है। डीए की बकाया किश्तों का जल्द हो भुगतान कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार महंगाई भत्ते (डीए) और डीए की बकाया किस्तों के भुगतान में देरी कर रही है। यूनियन नेताओं ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने डीए संबंधी एक फैसला कर्मचारियों के पक्ष में दिया था, जिसे सरकार लागू नहीं कर रही है। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति रोष बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की जायज मांगों को तुरंत लागू करने और चुनावी वादों को पूरा करने की अपील की।

   

सम्बंधित खबर