पानीपत, 18 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव पट्टीकल्याणा के सामने जीटी रोड पर एक तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक सोनीपत से समालखा की और दूध देने जा रहा था। परिवार ने दी जानकारी के अनुसार इनोवा ड्राइवर ने सर्विस रोड से मेन हाईवे पर गाड़ी चढ़ाते समय न तो इंडिकेटर दिया और न ही स्पीड कम की। समालखा थाना के अंतर्गत आने वाली हल्दाना पुलिस चौकी ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी गाड़ी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
राजस्थान निवासी डूंगा राम ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनका परिवार यहां दूध का कारोबार करता है। रविवार की शाम को उनका बेटा हमीरा राम बाइक पर सोनीपत से समालखा की तरफ गायों का दूध देने जा रहा था। वहीं, डूंगा राम और उनका भतीजा तेजाराम अपनी दूसरी बाइक पर दूध का हिसाब-किताब करने के लिए हमीरा राम के पीछे-पीछे आ रहे थे। पीड़ित पिता ने बताया कि जैसे ही उनका बेटा हमीरा राम अपनी बाइक लेकर पट्टीकल्याणा गांव के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी सर्विस रोड की तरफ से एक इनोवा ड्राइवर गाड़ी को लापरवाही से चलाते हुए अचानक जीटी रोड पर चढ़ा दी। तभी आगे चल रही हमीरा राम की बाइक को सीधी टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में हमीरा राम को पानीपत के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी समालखा दीपक कुमार ने बताया कि डूंगा राम की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
---------------

