मुंबई में गणपति विसर्जन के लिए प्रशासन तैयार, ड्रोन कैमरे से रखी जाएगी नजर

मुंबई, 15 सितंबर (हि.स.)। मुंबई सहित पूरे राज्य में भगवान गणेश के विसर्जन के लिए पुलिस, राज्य प्रशासन और स्थानीय नगर निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। पुलिस प्रशासन ने विसर्जन स्थल और जुलूस मार्ग पर ड्रोन कैमरे से नजर रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ गणपति बप्पा की विदाई के लिए मुंबई में चप्पे पर पुलिस को तैनात किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश मुंबई सहित महाराष्ट्र के बड़े मंडलों में और घरों में विराजमान हुए थे। दस दिनों के लिए भक्तों ने भगवान गणेश का हर्ष और उल्हास के साथ पूजा अर्चना की और अनंत चतुर्दशी के दिन मुंबई से विसर्जन के लिए सभी चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की जायेगी। इसके लिए मुंबई पुलिस बल के 23,400 पुलिसकर्मियों की एक टुकड़ी तैनात की गई है। साथ ही 2,900 पुलिस अधिकारियों और 20,500 पुलिसकर्मियों को विसर्जन के दिन तैनाती के लिए तैयार किया गया है। 40 पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और 50 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुरक्षा की निगरानी करेंगे। इस गणेश विसर्जन जुलूस की निगरानी 71 कंट्रोल रूम से की जाएगी। मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा के विसर्जन का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

मुंबई में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों का नेटवर्क लगाया जाएगा और विसर्जन जुलूस पर आसमान से नजर रखी जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। विसर्जन स्थलों पर राज्य रिजर्व पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स, दंगा नियंत्रण दस्ता भी तैनात किया जाएगा। मुंबई पुलिस ने सडक़ यातायात में भी बदलाव किया है। कई बेस्ट बसों के रूट बदल दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्य और पश्चिम रेलवे पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर