पलवल: पीडब्ल्यूडी कर्मी 11 अक्टूबर को मंत्री आवास पर करेंगे विरोध प्रदर्शन

पलवल, 3 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन की जिला कमेटी ने शुक्रवार को बैठक कर आगामी 11 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। यूनियन ने घोषणा की है कि यह प्रदर्शन सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के भिवानी स्थित आवास पर किया जाएगा।

बैठक में राज्य, जिला और ब्रांच स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को अनसुना कर सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियां थोप रही है। इसी के विरोध में 11 अक्टूबर को राज्यस्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। राज्य उपप्रधान राकेश तंवर और राज्य मुख्य संगठन सचिव योगेश शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए सरकार की रेशनेलाइजेशन पॉलिसी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि विभागों को छोटा करना, कर्मचारियों की छंटनी करना और कच्चे कर्मचारियों को पक्का न करना सरकार की गलत नीतियों का हिस्सा है।

बैठक में राज्य मुख्य संगठन सचिव योगेश शर्मा, राज्य उपप्रधान राकेश तंवर, जिला उपप्रधान सुभाष राणा, जिला सचिव सतपाल करहाना, जिला कोषाध्यक्ष हंसराज, भूदेव शर्मा, मोहम्मद मजलिस, बलजीत तंवर, शिवराम कुंडू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

   

सम्बंधित खबर