नगरोटा और बड़गाम विधानसभा क्षेत्रों में 9 नवंबर शाम 5 बजे तक प्रचार बंद

जम्मू,, 9 नवंबर (हि.स.)।

केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में नगरोटा और बड़गाम विधानसभा क्षेत्रों में 9 नवंबर को शाम 5 बजे तक चुनाव प्रचार का शोर थमेगा। राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अंतिम घंटों में प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है।

भाजपा के उम्मीदवार के समर्थन में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और सांसद जुगल किशोर शर्मा ने शनिवार को जन रैलियों को संबोधित किया। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिसमें मुख्य मुकाबला भाजपा और नेशनल कांफ्रेंस के बीच माना जा रहा है।

निर्दलीय उम्मीदवार हर्षदेव सिंह और अनिल शर्मा भी रेस में बने हुए हैं। नगरोटा और बड़गाम उपचुनाव में 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को मतगणना होगी। नगरोटा सीट 31 अक्टूबर 2024 को निर्वाचित विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद रिक्त हुई थी। वहीं, बड़गाम सीट 2024 में उमर अब्दुल्ला की जीत के बाद रिक्त हुई थी, जिन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद इसे खाली किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

   

सम्बंधित खबर