प्रश्नकाल : तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में अध्यापकों के 32 पद रिक्त
- Admin Admin
- Dec 01, 2025
धर्मशाला, 01 दिसंबर (हि.स.)। तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में रिक्त पदों पर विधायक आशीष शर्मा द्वारा पूछे गए प्रश्र के उत्तर में नगर एवं ग्राम योजना मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में कुलपति का पद 6 मई 2025 से रिक्त चल रहा है। अध्यापकों के कुल 32 व अन्य श्रेणियों के कुल 40 पद रिक्त चल रहे हैं।
अधिकतर विभागों के अध्यापक गेस्ट फैकल्टी पर रखे गए हैं। 32 स्थाई अध्यापकों व एक प्रशिक्षण अधिकारी की भर्ती प्रकियाधीन है।
नगर निगम चुनावों में ओ.बी.सी वर्ग को आरक्षण पर विधायक राम कुमार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सरकार नगर निगम चुनावों में ओबीसी वर्ग को आरक्षण देने का विचार रखती है।
प्रदेश की सीमाओं पर पुलिस चौकी व बल तैनाती पर विधायक सतपाल सत्ती द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सीमाओं पर प्रवेश द्वार पर 6 स्थायी व 2 अस्थायी चौकियां कार्यशील हैं। प्रदेश में कानून की व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है व आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस बल के साथ बटालियन से भी पुलिस बल उपलब्ध कराया जाता है। विधायक सतपाल सिंह सत्ती द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी।
विधायक सुधीर शर्मा द्वारा लोक सेवा आयोग में रिक्त पदों को भरने से संबंधित मांग पत्रों व आयोग के ट्विटर अकाउंट पर पूछे गए प्रश्र पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गत तीन वर्षों में लोक सेवा आयोग के पास पांच पदों को भरने संबंधित मांग पत्र प्राप्त हुए हैं। संघ लोक सेवा आयोग व प्रदेश लोक सेवा आयोग का कोई आधिकारिक ट्विटर अकाउंट नहीं है।
गगल से शिमला उड़ान के बंद होने के कारण को लेकर विधायक डॉ जनक राज द्वरा पूछे गए प्रश्र पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उड़ान 2 नवंबर 2025 से लेकर 15 दिसंबर 2025 तक विमान के रखरखाव संबंधी समस्या के कारण बंद है।
केसीसी बैंक की वर्तमान शाखाओं व कार्यालयों के विवरण पर विधायक विपिन सिंह परमार द्वारा वर्तमान में केसीसी बैंक की शाखाओं, क्षेत्रीय कार्यालयों व एक्सटेंशन काउंटर्स की जानकारी पर मुख्यमंत्री ने बताया कि केसीसी बैंक की सभी शाखाओं, कार्यालयों व एक्सटेंशन काउंटर्स का पूर्ण विवरण उपलब्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



