कांग्रेस सरकार ने केवल भ्रम फैलाया, अब जनता दिखाएगी सत्ता से बाहर का रास्ता : अनुराग ठाकुर
- DSS Admin
- May 14, 2026
धर्मशाला, 14 मई (हि.स.)। नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम पड़ाव में हिमाचल की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी मैदान में अपना बड़ा चेहरा उतारते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर को धर्मशाला के रण में उतार दिया है। बैजनाथ से धर्मशाला तक अनुराग ठाकुर के तूफानी प्रचार अभियान ने कांग्रेस खेमे में हलचल तेज कर दी है। इसी कड़ी में वीरवार को बैजनाथ के पंडोल रोड में जनसंपर्क अभियान के बाद अनुराग ठाकुर धर्मशाला के कोतवाली बाजार स्थित सामुदायिक भवन पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने ढोल-नगाड़ों एवं जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ‘जय श्री राम’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से पूरा माहौल भाजपा के रंग में रंगा नजर आया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने जनता को केवल झूठी गारंटियां दीं, जबकि जमीनी स्तर पर विकास पूरी तरह ठप पड़ा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में सड़क, पानी, सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बदहाल है और अब जनता जवाब मांगने के मूड में है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सिर्फ झूठी गारंटी दी, डिलीवरी जीरो रही। नगर निगम में सड़क, पानी, सफाई सब ठप है। जनता अब हिसाब मांगेगी। धर्मशाला की जनता मन बना चुकी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला की जनता ने मन बना लिया है। इस बार नगर निगम में भी भाजपा का कमल खिलेगा। जहां भाजपा है, वहीं विकास और पारदर्शिता है। कांग्रेस सरकार ने केवल भ्रम फैलाया, लेकिन अब जनता उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट को विकास का रोडमैप बताते हुए कहा कि प्रदेशभर में भाजपा के पक्ष में माहौल बन चुका है और नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।
इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, सचिन शर्मा समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

