रिषड़ा में चमका कराटे का जलवा, रे शोतोकन कराटे कप 2025 में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
हुगली, 09 नवंबर (हि. स.)। रिषड़ा रवीन्द्र भवन में रविवार को इन्विटेशनल रे शोतोकन कराटे कप 2025 का शानदार आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन रे शोतोकन कराटे डो एसोसिएशन (इंडिया) की ओर से किया गया, जिसे मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बंगाल और मार्शल आर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का सहयोग प्राप्त था। यह प्रतियोगिता फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा उपस्थित हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रिषड़ा थाना प्रभारी संजय सरकार समेत कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रतियोगिता में हुगली सहित पूरे राज्य से दर्जनों कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बच्चों से लेकर युवाओं तक ने अपनी जबरदस्त तकनीक और कराटे कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। हर प्रदर्शन के साथ दर्शकों का उत्साह देखने लायक था।
मुख्य आयोजक रंजन कुमार मंडल ने बताया कि मार्शल आर्ट्स सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब महिलाओं पर अत्याचार और अपराध बढ़ रहे हैं, हर अभिभावक को अपनी बेटियों को मार्शल आर्ट्स सिखाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इससे न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि मुसीबत के समय खुद की और दूसरों की रक्षा भी की जा सकती है।
प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



