फरीदाबाद : धर्म परिवर्तन जैसी कुरीतियों को रोकने के लिए समाज में एकता जरूरी : धीरेंद्र शास्त्री
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
बागेश्वर धाम प्रमुख की यात्रा में दूसरे दिन शामिल हुए अनिरूद्ध आचार्य
फरीदाबाद, 9 नवंबर (हि.स.)। बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा दूसरे दिन रविवार को सुबह फरीदाबाद एनआईटी के दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई। इस दौरान उनके साथ कथावाचक अनिरुद्धाचार्य भी मौजूद रहे। उन्होंने भगवा ध्वज फहराकर सनातन के जयकारे लगाए। यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था, सभी ने यात्रा में नारेबाजी करके पूरे माहौल को बदल दिया। इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पदयात्रा में शामिल लोगों को सनातन धर्म के पालन की शपथ दिलाई। शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि, हम जीवनभर सनातन धर्म का पालन करेंगे। हम अपने गांव और अपने शहर को भेदभाव और छुआछूत से मुक्त बनाएंगे। हम भारत को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे। हम 24 घंटे में एक घंटा सनातन के लिए काम करेंगे।
इसके साथ ही धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, हम अपने बच्चों को सच्चा सनातनी बनाएंगे। हम ‘गाय, गंगा, गीता, गौरी, गायत्री, गोपाल’ की गरिमा की रक्षा करेंगे। हम संतों और शास्त्रों का पालन करेंगे। हम सनातन के लिए जीएंगे और मरेंगे। हम भारत को अवैध धार्मिक रूपांतरणों से मुक्त करेंगे। हम भारत में लव जिहाद को रोकेंगे। हम अपने गांव, अपने शहर में धर्म-विरोधी लोगों को एकजुट होकर जवाब देंगे। आचार्य शास्त्री ने आगे कहा कि धर्म परिवर्तन जैसी कुरीतियों को रोकने और समाज में एकता बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदुओं भारतीय सेना को पैसा दान करों, जिससे ज्यादा से ज्यादा गोला बारूद आ सके और पाकिस्तान को उड़ाया जा सके। देश में क्रांति होने वाली है। धर्म विरोधी ताकतें देश को बर्बाद करती हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि फरीदाबाद बाबर की नहीं गब्बर की धरती है। हम हिंदुओं के लिए सडक़ पर उतरे हैं। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और अपनी एकता दिखाने के लिए सडक़ों पर उतरना जरूरी है। महाराणा प्रताप, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह जैसे वीरों के नाम से सडक़ और चौराहों के नाम होने चाहिए। इसके बाद एक नंबर मार्केट में जलपान के बाद अनिरुद्धाचार्य चले गए।
यात्रा के दौरान सुरक्षा घेरा तोडक़र एक युवक धीरेंद्र शास्त्री की ओर बढऩे लगा। उसे सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने उसे अपने पास बुलाया। उसने बाबा को बताया कि वह भक्त है। इसके बाद युवक को छोड़ दिया गया। आज पदयात्रा सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी-पॉइंट, बल्लभगढ़ होते हुए अनाज मंडी पहुंची, जहां दोपहर का भोजन किया गया। भोजन के बाद यात्रा नेशनल हाईवे नंबर 19 मार्ग से एलसन चौक और जेसीबी चौक होते हुए 15 किलोमीटर का चलकर यात्रा सीकरी गांव पहुंचेगी। यहां शगुन गार्डन में यात्रा का रात्रि ठहराव होगा। इस पदयात्रा का जगह-जगह हिन्दू समाज के लोगों एवं धार्मिक सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर



