लुधियाना में बस ने बाइक को टक्कर मारी:चंडीगढ़ में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, काम पर जा रहा था
- Admin Admin
- Nov 18, 2025
लुधियाना में समराला-खन्ना रोड पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बस और हार्ले डेविडसन बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया, जिसकी चंडीगढ़ के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव लोपो निवासी अंग्रेज सिंह उर्फ अमरीक सिंह (38) के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था। ITI के बाहर हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, अंग्रेज सिंह उर्फ अमरीक सिंह हर रोज की तरह अपने काम के सिलसिले में मंगलवार को समराला आए थे। वह राजमिस्त्री का काम करते थे और घटना के वक्त समराला आईटीआई के बाहर काम के लिए जा रहे थे। वह अपनी हार्ले डेविडसन बाइक पर सवार होकर अकेले जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद अंग्रेज सिंह को तुरंत समराला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, चोटों की गंभीरता के कारण अंग्रेज सिंह ने चंडीगढ़ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ इस दुखद हादसे से मृतक के घर में मातम पसर गया है। अंग्रेज सिंह अपने पीछे अपनी पत्नी और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। मामले की जांच कर रही पुलिस इस संबंध में जब पुलिस से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पुष्टि की कि मामला उनके ध्यान में आया है। समराला पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि हमने मामला दर्ज कर लिया है और बस चालक की पहचान कर ली गई है। हमारी टीमें जल्द ही बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लेंगी और उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"



