सागर में पुराने रुपयों के विवाद ने लिया खूनी रूप, लाठियों से पीटकर अधेड़ की हत्या

सागर, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में पुराने लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम बिजरी में हुए विवाद के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति की लाठियों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपिताें के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिजरी निवासी टीकाराम लोधी (40) के रूप में हुई है। बताया गया है कि घटना के समय टीकाराम अपने घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही राधे लोधी, झब्बू और उनके कुछ साथी वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान रुपयों के पुराने लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि राधे लोधी, झब्बू और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से टीकाराम लोधी पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजन और ग्रामीण घायल टीकाराम को तत्काल बंडा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर राधे लोधी, झब्बू सहित अन्य आरोपिताें के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

   

सम्बंधित खबर