राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की दी शुभकामनाएं, बोले- मातृशक्ति के सम्मान का पर्व है रक्षाबंधन

देहरादून, 18 अगस्त (हि. स.)। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और पवित्र बंधन के त्योहार के साथ-साथ मातृशक्ति के सम्मान का भी पर्व है।

रविवार को राजभवन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की बहनों ने रक्षाबंधन कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) को राखी बांधी और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान राज्यपाल ने सभी ब्रह्माकुमारी को रक्षाबंधन की बधाई दी।

राज्यपाल ने कहा कि स्नेह और विश्वास के प्रतीक के रूप में यह त्योहार सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बढ़ाता है। भाई-बहन के बीच का यह बंधन हमारे जीवन को अधिक खुशहाल और सार्थक बनाता है। उन्होंने महिलाओं को रक्षाबंधन की विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। हमें महिला सशक्तीकरण और उनकी प्रगति की दिशा में मिलकर एक आदर्श समाज का निर्माण करना चाहिए।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर और ब्रह्माकुमारी मंजू, शीला, मीना, आरती, सोनिया एवं शालू मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर