स्वच्छता कर्मियों को कचरा फेंकने को लेकर झेलनी पड़ती है फजीहत
- DSS Admin
- May 22, 2026
बेतिया, 22 मई (हि.स.)। नौतन ब्लॉक पूर्वी नौतन पंचायत में कचरा फेंकने को लेकर स्वच्छता कर्मियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ रही है। यत्र-तत्र कचरा फेंकने पर लोगों के गुस्से का सामना भी करना पड़ता है।
शुक्रवार को स्वच्छता कर्मियों ने प्रखंड स्वच्छता कार्यलय के सामने प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन कर रहे स्वच्छता कर्मी मनान अंसारी, दशरथ हजरा, कपील राम, ललीता देवी, मंजू देवी, रजिंद्र निषाद, रेणु देवी, प्रभु मांझी, शम्भू कुमार, शम्भू बैठा, रूशतम अंसारी, रोहित कुमार, साहेब शाह, कृष्णा बैठा आदि ने बताया कि पंचायत में अभी तक कचरा भवन का निर्माण नहीं हुआ है। कचरा भवन का निर्माण आधा अधुरा पड़ा है। वहीं पर्यवेक्षक के दबाव के कारण के कारण कचरा का उठाव लगातार किया जा रहा है। जबकि कचरा यत्र-तत्र फेंकने पर लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ता है और काफी फजीहत झेलनी पड़ती है।
कर्मियों ने बताया कि पिछले चौदह माह से वेतन का भुगतान नही किया गया है। इधर बीते सप्ताह सहयोग पोर्टल पर तकनीकी सहायक के रिपोर्ट में बताया गया था कि कचरा भवन का कार्य दो दिनों से प्रगति हैं जबकि स्वच्छता कर्मियों ने बताया कि कार्य कही प्रगति पर नहीं है। इस संबंध प्रखंड समन्वयक पुनम कुमारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।

