भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर कसा तंज, 27 मार्च को शिमला में प्रदर्शन

शिमला, 21 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार काे फागू में भाजपा संगठनात्मक जिला महासू की बैठक आयोजित की गई। श्रीकांत शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से अपना बूथ सबसे मजबूत का संकल्प लिया और 27 मार्च को शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महासू जिला से हजारों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल होंगे जिसका उद्देश्य प्रदेश में चल रही भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को घेरना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार माफिया राज, भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन और झूठी गारंटियों के कारण जनता को परेशानी में डाल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील हो गई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में बिलासपुर जिले में एक कांग्रेस नेता को उनकी पत्नी के सरकारी आवास पर गोलियां मारी गईं, जो प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। बिंदल ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार खनन माफिया के सामने पूरी तरह से नतमस्तक हो गई है और बद्दी-बारोटीवाला क्षेत्र में अवैध खनन की घटनाएँ हो रही हैं लेकिन सरकार इस पर आंखें मूंदे बैठी है।

बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में माफिया राज का बोलबाला है और कांग्रेस के नेता माफिया के साथ मिलकर प्रदेश को माफियाग्रस्त करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में प्रदेश में शांति की स्थिति पूरी तरह से बिगड़ चुकी है।

भाजपा ने बैठक के दौरान अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 27 मार्च को होने वाले शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रदेश में चल रही भ्रष्ट सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं।

इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्रत्याशी चेतन ब्रागटा, अजय श्याम, शाही बाला, प्यार सिंह कंवर, बलबीर वर्मा समेत अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर