मुंबई नगर निगम में महायुति का महापौर बनेगा : आशीष शेलार

मुंबई, 16 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा चुनाव प्रभारी आशीष शेलार ने मंगलवार को बताया कि मुंबई नगर निगम में महायुति का ही महापौर बनेगा। इस संबंध में आज महायुति के सहयोगी दलों की बैठक हुई और मुंबई में 150 से ज़्यादा नगरसेवक चुनने का हमारा लक्ष्य है।

महायुति गठबंधन के सहयोगी दलों की बैठक आज दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय में हुई। इस बैठक में भाजपा के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, चुनाव प्रभारी आशीष शेलार और शिंदे समूह की शिवसेना के नेता योगेश कदम, राहुल शेवाले आदि मौजूद थे। इस मीटिंग के बाद आशीष शेलार ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई नगर निगम में 150 से ज़्यादा महायुति के नगरसेवक चुनकर लाना ही हमारा लक्ष्य है।

बैठक में चुनाव जीतने की रणनीति पर चर्चा हुई। सहयोगी दलों में सीटों के बटवारे पर भी चर्चा हुई है। मुंबई नगर निगम में कुल नगरसेवकों की संख्या २२७ हैं। आशीष शेलार ने कहा कि मुंबई में भाजपा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और आरपीआई के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। राज्य सरकार में शामिल अजीत पवार की राकांपा का नेतृत्व पूर्व मंत्री नवाब मलिक कर रहे हैं, इसलिए अजीत पवार की राकांपा को महायुति में शामिल नहीं किया गया है। इसका कारण नवाब मलिक पर गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के सहयोगी के साथ जमीन व्यवहार करने का आरोप है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर