चंडीगढ़ में 54 साल पुरानी दो मंजिला व्यावसायिक इमारत ढही, दो लोगों की मौत
- Neha Gupta
- Jul 05, 2026

- सेना, एनडीआरएफ और प्रशासन ने साढ़े पांच घंटे तक चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, पुरानी इमारतों का सर्वे कराने का फैसला
चंडीगढ़, 05 जुलाई । चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम करीब 54 साल पुरानी दो मंजिला व्यावसायिक इमारत अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत एवं बचाव अभियान करीब साढ़े पांच घंटे तक चला, जिसमें सेना, एनडीआरएफ और चंडीगढ़ प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। एस्टेट ऑफिस और सीएफएसएल (फोरेंसिक) की टीमें रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण करेंगी। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए शहर की पुरानी और असुरक्षित इमारतों का सर्वे कराने का फैसला लिया गया है।
इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपीएस चावला के अनुसार प्लॉट नंबर 28/9 स्थित यह इमारत काफी पुरानी थी, जहां स्क्रैप का काम चल रहा था।यह इमारत वर्ष 1972 में आवंटित की गई थी और उसी समय इसका निर्माण हुआ था। उन्होंने बताया कि जर्जर हालत के कारण इमारत की छत भरभराकर गिर गई। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण इमारत में सीलन आ गई थी, जिसे हादसे का एक संभावित कारण माना जा रहा है।
चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि हादसे के समय इमारत के अंदर छह से सात लोग मौजूद थे। शुरुआती चरण में चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि बाकी लोगों को बाद में मलबे से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी तरुण जैन (45) और तरुण कौशिश (48) के रूप में हुई है। घायल कुलदीप सिंह, कुलबीर सिंह, उमेश, राहुल और अजीत का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एनडीआरएफ के कमांडर दीपक सिंह ने बताया कि बचाव अभियान के अंतिम चरण में मलबे के नीचे सबसे ज्यादा फंसे दो लोगों को बाहर निकाला गया। दोनों गंभीर रूप से घायल थे और उन्हें पूरी चिकित्सकीय सावधानी के साथ अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जिला प्रशासन की मेडिकल टीम मौके पर मौजूद रही और लगातार आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराती रही।
----------------------

