मंडी नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छ शहर -समृद्ध शहर का समापन

मंडी, 09 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम मंडी द्वारा प्रारंभ किया गया स्वच्छ शहर समृद्ध शहर अभियान 10 फरवरी से 9 अप्रैल 2025 तक सफलता पूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सभी नगर पार्षदगण, आयुक्त , अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, सफाई साथी, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, गैर-सरकारी संस्थाएं , मंडी शहर वासियों एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि पिछले दो माह के दौरान नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी 15 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाए गए। जिसमें हर वार्ड को लगभग पांच बार कवर किया गया। इसके अलावा सदस्यों ने प्रत्येक घर तक जाकर दो बार जन-जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें आम जनमानस को कूड़ा स्वच्छता साथियों को देने बारे जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त 400 स्वच्छ घरों की पहचान कर उनके बाहर स्वच्छ घर समृद्ध घर स्टीकर लगाए गए। इस दौरान सभी सफाई साथियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया एवं दस्ताने, मास्क, जैकेट्स आदि सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। अत्यधिक कचरा उत्पादक ,होटल, संस्थान आदि के साथ दो बार बैठकें कर उन्हें अपने गीले कचरे का स्थानीय स्तर पर प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया गया।

वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि हर वार्ड में समाधान शिविर लगाए गए, जहां नागरिकों की समस्याएं सुनी गई और उनके त्वरित समाधान सुनिश्चित किए गए। हॉट स्पॉटों को चिन्हित कर, उन हॉट स्पॉट की सफाई की गई। यह प्रक्रिया आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। शहर में स्थित सभी सार्वजनिक शौचालयों की समीक्षा की गई और जहां आवश्यक था, वहां मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य शुरू कर दिया गया है। नगर निगम की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट साइट का निरीक्षण कर कचरा प्रोसेसिंग को बेहतर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसके संबंध में जिला स्तर पर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें नवीनतम तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। नगर निगम के सभी स्टाफ सदस्यों को नागरिक सेवा पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह पोर्टल भविष्य में नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं देने का माध्यम बनेगा। इस अभियान के अंतर्गत शहर से सभी अनाधिकृत होर्डिंग्स एवं बैनर्स हटाए गए ताकि शहर अधिक स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे। इसके साथ ही, जल स्रोतों की सफाई कर उन्हें स्वच्छ और संरक्षित किया गया।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर लिटर बिन्स लगाने की योजना भी बनाई गई है। इन स्थलों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही प्रमुख चिन्हित स्थानों पर लिटर बिन्स स्थापित कर दिए जाएंगे, ताकि लोग कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति रुके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

   

सम्बंधित खबर