चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को अपने सभी प्रमुख रणनीतिकारों की बैठक बुलाई है। विधानसभा चुनाव के करीब डेढ़ साल बाद हुए शहरी निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जहां स्वयं बागडोर संभाली हुई थी, वहीं प्रत्येक शहरी निकाय में मंत्रियों व पार्टी पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारी सौंपी हुई थी।
मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने निकाय चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ा और उकलाना नगर पालिका को छोडक़र बाकी सभी शहरी निकायों के चुनाव जीतकर कमल के फूल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की झोली में डालने में कामयाबी हासिल की। इन चुनाव में सत्ता और संगठन के बीच बढिय़ा तालमेल का नतीजा तो सामने आया ही, साथ ही लोगों ने ट्रिपल इंजन की सरकार में भागीदार बनने में खासी रुचि दिखाई है।
शहरी निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का ट्रिपल इंजन की सरकार का नारा खूब चला। मुख्यमंत्री द्वारा बृहस्पतिवार को बुलाई गई बैठक में सभी नव निर्वाचित शहरी निकाय प्रतिनिधियों को राज्य स्तरीय समारोह आयोजित कर जल्दी ही दायित्व ग्रहण कराने पर निर्णय लिया जा सकता है।
हरियाणा में भाजपा ने सबसे अधिक मतों के अंतर से पंचकूला में जीत हासिल की है। शामलाल बंसल यहां 36 हजार 252 मतों के अंतर से चुनाव जीते हैं। पंचकूला की बागडोर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां स्वयं संभाली हुई थी, वहीं शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल को प्रभारी मंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी हुई थी।
अंबाला नगर निगम में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा और भाजपा की प्रदेश महामंत्री डा. अर्चन गुप्ता प्रभारी बनाए गए थे, जबकि सोनीपत नगर निगम में पंचायत मंत्री कृष्ण पंवार और हिसार के जिला प्रभारी जवाहर सैनी को दायित्व सौंपा गया था। रेवाड़ी नगर परिषद की जिम्मेदारी खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया के पास थी, जबकि सांपला नगर पालिका में सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा और रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दायित्व सौंपा था। धारूहेड़ा नगर पालिका में खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर व जिला प्रभारी कमल यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
हिसार जिले के उकलाना में भाजपा को उम्मीद के मुताबिक रिजल्ट नहीं हुआ है। उकलाना नगर पालिका के लिए भाजपा ने सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी व प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य को प्रभारी नियुक्त किया था। मुख्यमंत्री बैठक में उकलाना की हार के कारणों पर भी चर्चा करने वाले हैं।
सीएम ने 18 मई को बुलाई मंत्रिमंडल की बैठक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बृहस्पतिवार को शहरी निकाय चुनाव के प्रभारी मंत्रियों की बैठक लेने के बाद 18 मई को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक 18 मई को सुबह 10 बजे से हरियाणा सिविल सचिवालय में होगी। बैठक का एजेंडा अभी तैयार नहीं हुआ है।
---------------

