बाढ़ के खतरे को स्थाई रूप से खत्म करने के लिए योजना बनाएंगे: मुख्यमंत्री

मुंबई, 5 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को पुणे में कहा कि पुणे और पिंपरी चिंचवड़ शहरों सहित पूरे राज्य में बाढ़ के खतरे को स्थाई रूप से खत्म करने के लिए एक योजना बनाएंगे।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पाटिल एस्टेट, शिवाजीनगर और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर प्राइमरी स्कूल, पीएमसी कॉलोनी, वाकडेवाड़ी, जूनी सांगवी में पुण्यश्लोक अहिल्या देवी होलकर म्यूनिसिपल स्कूल, एकता नगर सिंहगढ़ रोड, खडकवासला का दौरा किया और निवासियों व प्रवासियों से भी बातचीत की।

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि पुणे में बाढ़ की स्थिति की पृष्ठभूमि में खतरे के निशान का फिर से अध्ययन किया जाएगा। सरकार बाढ़ प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सहायता दे कर रही है। बाढ़ प्रभावित घरों की समस्या के समाधान के लिए एक नया विकास नियंत्रण और संवर्धन विनियमन (डीसीआर) तैयार किया जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के घरों के पुनर्विकास के लिए जरूरत के मुताबिक कानून और नियमों में भी बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार सभी आवश्यक सहायता दे रही है और प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर स्थायी रूप से पुनर्वासित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सिंहगढ़ रोड पर एकता नगर के बाढ़ प्रभावित नागरिकों के लिए किए गए कार्यों का निरीक्षण किया और उनकी समस्याओं को जानने के लिए लगभग डेढ़ घंटे तक नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक नागरिक का जीवन महत्वपूर्ण है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुणे नगर निगम प्रशासन को इस क्षेत्र में सीवर लाइनों की मरम्मत, नई पानी की पाइपलाइनें बिछाने जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के विभिन्न इलाकों में सहायता कक्ष खोले गए हैं और स्वास्थ्य टीमों और आसपास के अस्पतालों को तैयार रखा जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ खडक़वासला बांध के बैक वॉटर का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. तानाजी सावंत, विधान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. नीलम गोरे, सांसद श्रीरंग बारणे, विधायक भीमराव तपकिर, संभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंदवार, पुणे शहर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे, पुणे नगर आयुक्त डॉ. राजेंद्र भोसले, पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त शेखर सिंह, कलेक्टर डॉ. सुहास दिवसे आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव / सुनील कुमार सक्सैना

   

सम्बंधित खबर