कांग्रेस पार्टी का हिसाब मांगों कार्यक्रम बना जन आंदोलन:भूपेंद्र कासनियां

कांग्रेस बनाएगी रानियां को नशामुक्त, उपमंडल का दर्जा, ओटू के पास साइफन, रानियां में वाटर वर्क्स

सिरसा,4 अगस्त (हि.स.)। रानियां हलके के कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं की एक बैठक हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा के रानियां विधानसभा कोर्डिनेटर भूपेंद्र कासनियां की अध्यक्षता में रविवार काे संपन्न हुई। बैठक में सहायक कोर्डिनेटर डा. आजाद कुमार भी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेशभर में चलाए जा रहे हरियाणा मांगे हिसाब कार्यक्रम को रानियां हलके में गति देने को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही इस कार्यक्रम के तहत आगामी 22 अगस्त को सांसद दीपेंद्र हुड्डा की रानियां हलके में होने वाली पदयात्रा की तैयारियां व रुटमैप बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्त्ताओं की ड्यूटियां निर्धारित की गई। कोर्डिनेटर भूपेंद्र कासनियां ने बताया कि कांग्रेस पार्टी का यह भाजपा सरकार से हिसाब मांगों कार्यक्रम जन आंदोलन बन चुका है। भाजपा सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में जनहित का कोई ऐसा काम नहीं किया है, इसलिए यह सरकार विफल सरकार है। पिछले 10 साल जब प्रदेश में कांग्रेस की सफल सरकार प्रदेश में रही तो जनहित के अनेकों काम हुए।

भाजपा की विफल सरकार व कांग्रेस पार्टी की सफल सरकार के कार्यो की तुलना इसमें की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में शिक्षा के क्षेत्र में, रोजगार के क्षेत्र में अनेकों कार्य किए जिसे जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मंहगाई कांग्रेस की सरकार में कितनी थी और आज भाजपा के राज में मंहगाई कितनी बढ़ गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरा हाल है।

स्थानीय मुद्दों की बात करें तो रानियां के लोगों को पीने के लिए नहरी पानी, बरसाती पानी की निकासी सहित अनेकों ऐसे मुद्दे है जो हल नहीं हुए है। इन मुद्दों को लेकर ही हम जनता के बीच में जाएगें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी की हार हुई है। बीजेपी का जो 400 पार का नारा था वह झूठ का पुलिंदा था। आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे बहुमत के साथ हरियाणा में सरकार बनेगी। कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ते हुए 70 सीटें जीतेगी और हम हरियाणा को विकास की सरकार देगें। इस मौके पर जिला कोर्डिनेटर डा. सुभाष जोधपुरिया, जसवंत कस्वां, विशाल वर्मा, मनीष ढिल्लो, नवदीप कंबोज, दलीप घोड़ावाली, डा. वाई के चौधरी, सर्वमित्र कंबोज, संदीप बाजवा सहित अन्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश डाबर / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर