15 से 17 मार्च तक निगम मनाएगा शक्ति वंदन महोत्सव, जेकेके में होगा समारोह
- Admin Admin
- Mar 12, 2025

जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। ग्रेटर नगर निगम प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिए महिलाओं को समर्पित शक्ति वंदन महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। 15 से 17 मार्च तक यह कार्यक्रम जवाहर कला केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। नगर निगम ग्रेटर द्वारा गत वर्ष भी 2 से 4 मार्च को शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें भी कई कीर्तिमान बनाए गए थे।
इस कार्यक्रम में ‘‘कैंसर हारेगा भारत जीतेगा’’ की तर्ज पर स्वच्छता योद्धाओं की बालिकाओं को निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर का टीका लगाया जाएगा। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। लखपति दीदी योजना के तहत चैक भी वितरित किए जाएंगे। कला, संस्कृति, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अहिल्याबाई होल्कर अवार्ड से नवाजा जाएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘‘वोकल फॉर लोकल’’ के तहत 300 स्टॉल लगाई जाएंगी। हर स्टॉल की प्रतिनिधि महिला ही होगी। साथ ही विलुप्त होती कलाओं को भी स्थान दिया जाएगा जिससे उन कलाओं एवं स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सके। इस प्रदर्शनी की सबसे खास बात यह रहेगी कि इसका आयोजन जीरो वेस्ट होगा। परिसर को रिसाईकल प्रोडक्ट से सजाया जाएगा। इसके साथ ही लाइव डेमोन्स्ट्रेशन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बनाने के तरीके भी समझाए जाएंगे। महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न सत्रों के माध्यम से चर्चा की जाएगी। इसकी सबसे खास बात अहिल्याबाई होल्कर के महिला सशक्तीकरण व राष्ट्रनिर्माण में योगदान सत्र की रहेगी। जिसमें देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन को करीब से समझने का हर महिला को अवसर मिलेगा। इसके साथ ही अहिल्याबाई के जीवन चित्रण को दर्शाने के लिये प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। 17 मार्च को समापन समारोह में चंग की थाप पर फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा तथा फूलो की होली खेली जाएगी। साथ ही कला संस्कृति में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को अहिल्याबाई होल्कर अवार्ड से नवाजा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश