मणिकर्ण घाटी में 200 ग्राम चरस व नगदी के साथ महाराष्ट्र के दो युवक गिरफ्तार

कुल्लू, 17 जून (हि.स.)। जिला कुल्लू में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाई गई विशेष मुहिम के तहत मणिकर्ण पुलिस थाना के अंतर्गत आती ज़री पुलिस चौकी की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डुंखरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक स्कूटी पर सवार दो युवकों से भारी मात्रा में चरस और हजारों रुपये की नकदी बरामद की है। पकड़े गए दोनों आरोपी महाराष्ट्र के मुंबई के रहने वाले हैं।

नशा तस्करी का बुधवार को मामला उस दौरान सामने आया जब पुलिस चौकी ज़री की टीम ने डुंखरा चौक पर कानून व्यवस्था व नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी संख्या एचपी 66ए 8026 को चैकिंग के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने जब स्कूटी और उस पर सवार युवकों की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 202 ग्राम चरस (कैनाबिस) और ₹41,000/- की भारतीय करेंसी बरामद हुई।

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि आरोपियों की पहचान किशन राज चौहान (28), निवासी मुंबई तथा विक्की चौहान (20), निवासी मुंबई के रूप में हुई है।

इस संदर्भ में पुलिस थाना मणिकर्ण में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत मामला पंजीकृत कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशा कहां से खरीद कर लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। बरामद नशे के मुख्य स्रोत, पूरी सप्लाई चेन और इनके स्थानीय नेटवर्क की पहचान करने के लिए दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगामी विस्तृत अनुसंधान जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर