परिवहन विभाग सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करें-इंदु

धौलपुर, 15 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा पक्षियों के संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विभागीय परिसर में परिंडे बांधे गए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी इंदु मीणा ने कहा कि विभाग को अपने प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल स्रोतों की कमी के कारण पक्षियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पक्षियों की प्यास से मृत्यु हो जाती है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व बनता है कि वह अपने घर, दुकान, कार्यालय एवं आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर उनमें नियमित रूप से स्वच्छ पानी एवं दाना उपलब्ध कराए। मीणा ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने परिसर में विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए तथा नियमित रूप से उनमें पानी भरने का संकल्प लिया। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के सार्वजनिक स्थलों पर भी परिंडे लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यही नहीं जागरुकता के लिए परिंडो पर यातायात नियमों की जानकारी भी अंकित कराई गई है। इस अवसर पर जिला परिवहन विभाग के निरीक्षक एवं विभागीय कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर