चंडीगढ़ में कॉलेज के बाहर छात्र से मारपीट:तमाशबीन बने रहे लोग; वीडियो बनाते रहे युवक, पुलिस बोली- शिकायत मिलेगी तो होगी कार्रवाई

चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित एक कॉलेज के बाहर एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का 26 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन युवक एक छात्र के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, आसपास मौजूद कई लोग घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। कुछ युवक पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आए। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस के पास कोई आधिकारिक शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानिए वीडियो में क्या दिखाई दे रहा वायरल हो रहे 26 सेकंड के वीडियो में कॉलेज के मुख्य गेट के सामने एक युवक के साथ तीन युवक मारपीट करते दिखाई देते हैं। इनमें दो युवकों ने काले रंग की शर्ट पहन रखी है, जबकि एक युवक लाल रंग की शर्ट में नजर आ रहा है। जिस युवक के साथ मारपीट हो रही है, उसने काले रंग का कुर्ता-पायजामा पहन रखा है। वीडियो में दिखता है कि पीड़ित युवक खुद को बचाने के लिए अपने सिर पर हाथ रखकर इधर-उधर हटने की कोशिश करता है, लेकिन तीनों युवक उसका पीछा करते हुए उसे लात-घूंसों से पीटते रहते हैं। कॉलेज के गेट तक पीछा किया मारपीट से बचने के लिए युवक कॉलेज के गेट के अंदर जाने की कोशिश करता है, लेकिन वीडियो में तीनों युवक वहां तक उसका पीछा करते दिखाई देते हैं। इस दौरान भी उसके साथ मारपीट जारी रहती है। वीडियो में एक युवक पीड़ित को लात मारता हुआ भी नजर आता है। घटना के समय कॉलेज के गेट के बाहर कई युवक मौजूद थे। वीडियो में दिखाई देता है कि आसपास खड़े लोगों ने बीच-बचाव नहीं किया। वहीं कुछ युवक दूर खड़े होकर पूरे घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते रहे। वीडियो के अंतिम हिस्से में काली शर्ट पहने एक युवक सड़क पर मौजूद एक कुत्ते को भी लात मारता हुआ दिखाई देता है। शिकायत आती है तो कार्रवाई होगी इस मामले में जब पुलिस स्टेशन-34 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शादी लाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर थाने में कोई शिकायत नहीं आई है और न ही पुलिस कंट्रोल रूम में कोई कॉल प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित या कोई अन्य व्यक्ति शिकायत देता है, तो पुलिस वीडियो सहित उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच करेगी और जो भी कानूनी कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

   

सम्बंधित खबर