चंडीगढ़ PU हॉस्टलों की फीस और नियम जारी:मैरिट के आधार पर मिलेगा कमरा, 40 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद हॉस्टलों में कमरों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। यूनिवर्सिटी जल्द ही हॉस्टल के लिए आवेदन आमंत्रित करेगी। हॉस्टल से जुड़े सभी नियम, पात्रता, शुल्क और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय के हॉस्टल प्रॉस्पेक्टस में उपलब्ध कराई जाएगी। यूनिवर्सिटी के नियमों के अनुसार, परिसर से 40 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पर रहने वाले विद्यार्थी हॉस्टल के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। कमरों का आवंटन पूरी तरह मैरिट के आधार पर किया जाएगा। पीयू में करीब 16 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि हर वर्ष नए दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों में से लगभग 2 हजार छात्रों को ही हॉस्टल की सुविधा मिल पाती है। अधिकांश कमरे पहले से रह रहे स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थियों के पास होते हैं। इस वर्ष चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू होने के कारण हॉस्टलों की मांग और बढ़ने की संभावना है। प्रत्येक हॉस्टल में करीब 400 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था है। सामान्य तौर पर एक कमरे में दो विद्यार्थियों को रखा जाता है। सभी हॉस्टलों में तीन मैस और एक कैंटीन की सुविधा उपलब्ध है। सामान्य हॉस्टल का शुल्क लगभग 6,330 रुपए प्रति सिमेस्टर निर्धारित किया गया है। इसमें हॉस्टल किराया, बिजली, पानी, विकास शुल्क, हॉस्टल प्रबंधन, लिफ्ट, फूड सब्सिडी तथा मैस फंड शामिल हैं। शुल्क इस प्रकार है : हॉस्टल किराया : 350 रुपए पानी : 360 रुपए बिजली : 2,500 रुपए विकास शुल्क : 750 रुपए हॉस्टल प्रबंधन : 1,150 रुपए लिफ्ट शुल्क : 300 रुपए फूड सब्सिडी : 360 रुपए मैस एवं अन्य फंड : 560 रुपए अटैच बाथरूम-इंटरनेशनल हॉस्टल की अलग फीस गर्ल्स हॉस्टल नंबर-10 और 11 में कॉमन बाथरूम वाले कमरे का किराया 3,400 रुपए प्रति माह निर्धारित किया गया है, जबकि अटैच बाथरूम वाले कमरे के लिए 5,400 रुपए प्रति माह देना होगा। इंटरनेशनल हॉस्टल में कमरा लगभग 9,000 रुपए प्रति माह उपलब्ध होगा। इसके अलावा 15 हजार रुपए की रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा करानी होगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए किराया 16,500 रुपए प्रति माह निर्धारित किया गया है। वर्किंग वूमैन हॉस्टल का मासिक किराया 3,500 रुपए रखा गया है। अतिरिक्त सुविधाओं के लिए अलग शुल्क स्कूटर पार्किंग : 70 रुपए प्रति माह डेजर्ट कूलर : 300 रुपए प्रति माह लॉन्ड्री : 50 रुपए प्रति माह इलेक्ट्रिक केटल एवं हेयर ड्रायर : 100 रुपए प्रति माह नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना हॉस्टल नियमों का उल्लंघन करने पर विद्यार्थियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। कमरे में खाना बनाने पर : 500 रुपए चोरी या नुकसान पहुंचाने पर : 500 रुपए गलत पार्किंग पर : 500 रुपए तथा 300 रुपए टोइंग शुल्क बिना अनुमति अतिथि रखने पर : 400 रुपए स्मोकिंग करने पर : 500 रुपए हथियार रखने पर : 3,000 रुपए बिना अनुमति इलेक्ट्रिक केटल, टीवी आदि रखने पर : 1,000 रुपए अनुशासनहीनता के मामलों में हॉस्टल प्रशासन 2,500 रुपए या डीएसडब्ल्यू की अनुमति से इससे अधिक जुर्माना भी लगा सकता है। फेल या डिटेन होने पर नहीं मिलेगा हॉस्टल विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार जो विद्यार्थी परीक्षा में फेल, डिटेन या पेपर ड्रॉप करते हैं, उन्हें भविष्य में हॉस्टल आवंटन नहीं किया जाएगा। यदि किसी हॉस्टल में कोऑपरेटिव मैस शुरू करनी है तो कम से कम 70 सदस्यों की आवश्यकता होगी। प्रत्येक सदस्य को 2,000 रुपए जमा कराने होंगे। फिलहाल किसी भी हॉस्टल में कोऑपरेटिव मैस संचालित नहीं है। मैस और कैंटीन के लिए भी नियम प्रत्येक छात्र के लिए मैस और कैंटीन में अकाउंट खुलवाना अनिवार्य होगा। अकाउंट नहीं खुलवाने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। प्रत्येक माह कम से कम 15 डाइट लेना अनिवार्य है तथा न्यूनतम 10 डाइट का भुगतान करना होगा। छात्र के साथ रहने वाले अतिथि को कैंटीन की निर्धारित दरों पर भोजन की सुविधा मिलेगी।

