चंडीगढ़ में 20 साल के युवक की चाकू गोदकर हत्या:5 हमलावरों ने बीच सड़क घेरकर किया हमला, वीडियो बनाते रहे लोग,किसी ने बचाया नहीं

चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में मंगलवार शाम 20 साल के युवक सूरज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूरज बाइक पर घर लौट रहा था, तभी 5 युवकों ने उसे रोक लिया और चाकू-किरच से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। कुछ हमलावरों की शिनाख्त होने की बात भी सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। यह चंडीगढ़ में इस साल का 9वां मर्डर बताया जा रहा है। महिला ने 108 पर कॉल कर बुलवाई एंबुलेंस घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद किसी महिला ने 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। कुछ ही देर में पीसीआर टीम पहुंची और घायल सूरज को अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही दड़वा पुलिस चौकी, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक एक्सपर्ट और सेक्टर-36 स्थित सेंट्रल साइंस फोरेंसिक लैब की टीम ने घटनास्थल से खून के सैंपल जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। वीडियो बनाते रहे लोग, किसी ने बचाया नहीं मृतक के पिता मुकेश ने कहा कि उन्हें अभी तक समझ नहीं आ रहा कि उनके बेटे की हत्या क्यों की गई। उन्होंने उन लोगों पर भी नाराजगी जताई, जो घटना के दौरान छतों से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने सूरज को बचाने की कोशिश नहीं की। वारदात का करीब 55 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हमलावर सूरज को बालों से पकड़कर उसकी छाती, पेट और पीठ पर लगातार चाकू से वार करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ आरोपी उसके चेहरे पर लातें भी मार रहे हैं। वीडियो में सूरज हमलावरों से छोड़ने की गुहार लगाता नजर आता है, लेकिन आरोपी लगातार हमला करते रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूरज किसी तरह वहां से भागने की कोशिश करता है, लेकिन कुछ दूरी पर गिर जाता है। इसके बाद हमलावर फिर उसके पास पहुंचे और दोबारा चाकू से हमला किया। थिएटर कंपनी में करता था काम मृतक के कजिन अंकित ने बताया कि शाम को सूरज के दोस्त राहुल का फोन आया था। उसने बताया कि कुछ युवकों ने सूरज पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया है। इसके बाद परिवार के लोग सीधे अस्पताल पहुंचे। सूरज चंडीगढ़ की एक थिएटर कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता था। घटना के समय वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। परिवार के मुताबिक सूरज और धीरज जुड़वा भाई थे। धीरज सूरज से सिर्फ एक मिनट बड़ा है। धीरज इंडस्ट्रियल एरिया की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करता है।

   

सम्बंधित खबर