18 को एचपीएससी ऑफिस का घेराव करेगा इनेलो

चंडीगढ़/कैथल | इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर भर्तियों में गड़बड़ी, बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बन चुका है, जहां प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। माजरा ने कहा कि प्रदेश में पढ़े-लिखे युवाओं की डिग्रियां धूल खा रही हैं, नौकरियां दूसरे राज्यों के लोगों को दी जा रही हैं। इंटरव्यू में प्रदेश के युवाओं को कम, बाहरियों को ज्यादा अंक दिए जा रहे हैं। 18 मई को इनेलो कार्यकर्ता एचपीएससी कार्यालय का घेराव करेंगे, भर्तियों में पारदर्शिता की मांग उठाएंगे। यह प्रदर्शन इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण प्रदेश का युवा डिप्रेशन में है और आत्महत्या जैसे कदम उठा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन नौ लोग आत्महत्या कर रहे हैं, जिनमें अधिकतर युवा हैं। माजरा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है।

   

सम्बंधित खबर