पंजाब बीजेपी को जल्दी ही मिलेगा नया प्रधान:केवल ढिल्लों का नाम सबसे आगे, बिट्टू-मनजीत राय भी रेस में
- DSS Admin
- May 28, 2026
पंजाब बीजेपी को जल्द ही नया प्रधान मिल सकता है। बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को यह अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जबकि मौजूदा प्रधान सुनील जाखड़ 2027 विधानसभा चुनाव अभियान में अहम भूमिका निभाते रहेंगे। पता चला है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग लंबे समय से पंजाब भाजपा की कमान किसी सिख चेहरे को देने की पैरवी कर रहे हैं। पंजाब में भाजपा का पारंपरिक आधार और नेतृत्व ढांचा मुख्य तौर पर हिंदू वोट बैंक पर केंद्रित रहा है, लेकिन अब पार्टी सिख नेतृत्व को आगे कर राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश में है। हालांकि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मनजीत राय भी दौड़ में हैं। हालांकि आखिरी फैसला पार्टी हाईकमान की तरफ से लिया जाएगा। बड़े नेता भी इनके पक्ष में है सूत्रों के मुताबिक, आरएसएस के पंजाब प्रभारी मंत्री श्रीनिवासलु भी केवल सिंह ढिल्लों के नाम की पैरवी कर रहे थे। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो लगातार पंजाब में पार्टी कार्यक्रमों और रैलियों में हिस्सा ले रहे हैं, वह भी किसी सिख चेहरे को आगे लाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह उस समय चर्चा में आए थे, जब डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने उनसे मुलाकात की थी। वहीं, काफी समय से बीजेपी संगरूर और बरनाला हलके में मजबूती से काम कर रही है। पंजाब सीएम भगवंत मान के करीबियों को अब तक बीजेपी में जॉइन करवाया जा चुका है।

