15 नवंबर से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव :नायब सैनी
- Admin Admin
- Nov 03, 2025
-प्रधानमंत्री 25 नवंबर को आएंगे कुरुक्षेत्र
-पहली बार 21 दिन तक चलेगा आयोजन
-इस साल मध्य प्रदेश होगा पार्टनर स्टेट
चंडीगढ़, 3 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि इस बार 15 नवंबर से कुरुक्षेत्र में दसवें अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह पहला मौका है जब यह आयोजन 21 दिन तक चलेगा। सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने गीता जयंती समारोह का औपचारिक ऐलान करते हुए बताया कि इस साल मध्य प्रदेश को पार्टनर स्टेट के रूप में शामिल किया गया है। जिसके चलते समारोह स्थल पर मध्य प्रदेश की अलग से पवेलियन बनाई जा रही है। जहां लोगों को मध्य प्रदेश की सांस्कृति, खान-पान के बारे में जानकारी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने का ऐलान किया था। जिसके बाद सरकार ने वर्ष 2016 से गीता जयंती को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि भगवान कृष्ण द्वारा महाभारत में अजुर्न को गीता का उपदेश दिए जाने के पांच हजार 163 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।
यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर साल बढ़ रही है। जिसके चलते प्रबंधों का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को ब्रह्म स्वरोवर पर गीता यज्ञ व पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 25 नवंबर को हरियाणा सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के समापन अवसर तथा गीता जयंती कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे। नायब सैनी ने बताया कि इस बार एनआईडी, आईएनटी, आयुष विवि, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गीता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
26 से 30 नवंबर तक पद्म विभूषित रामाभद्रचार्य द्वारा जी.आई.ई.ओ.गीता (ग्लोबल इंस्पिरेशन एंड एनलाइटनमेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ भगवद्गीता) के तत्वावधान में कथा वाचन किया जाएगा। 30 नवंबर से केयू के सीनेट हॉल में अखिल भारतीय ज्ञानम सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें कई देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक ब्रह्म सराेवर तट पर महाआरती का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 नवंबर से एक दिसंबर 48 कोस भूमि तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। एक दिसंबर को गीता यज्ञ, भागवत कथा होगी। उसी दिन थीम पार्क कुरुक्षेत्र में एक साथ 18000 विद्यार्थी गीता पाठ करेंगे। एक दिसंबर को ही 182 तीर्थों पर दीपोत्सव होगा।
उन्होंने बताया कि 28 नवंबर से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर गीता जयंती कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। एक दिसंबर को जिला मुख्यालयों पर गीता शोभा यात्रा का आयोजन होगा। एक दिसंबर को हरियाणा के प्रत्येक जिले में 1800 विद्यार्थी एक ही समय में गीता वैश्विक पाठ करेंगे।
विदेश मंत्रालय भी इस बार गीता जयंती में होगा शामिल
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि विदेश मंत्रालय के सहयोग से इस बार इंडोनेशिया, कनाडा, अमेरिका समेत कई देशों में गीता जयंती का आयोजन हो चुका है। इस बार महोत्सव के दौरान कुरुक्षेत्र विवि में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कई विद्वान ऑनलाइन माध्यम अपने शोध पत्र पेश करेंगे। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 25 विद्वानों की उपस्थिति में यह आयोजन होगा। विश्व के 51 देशों में गीता जयंती के महोत्सव होंगे। जिनका सीधा प्रसारण किया जाएगा। विदेश मंत्रालय द्वारा विभिन्न देशों में अनुवादित गीता की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा



