सदस्यता अभियान में पिछड़े, अब निर्दलीय विधायक उतरे मैदान में, ली बैठक

चित्तौड़गढ़, 9 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को गति नहीं मिल पाने के कारण चित्तौड़गढ़ जिला पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है। राजस्थान में सदस्यता अभियान में पहले पांच में अपनी जगह बनाने वाला चित्तौड़गढ़ लक्ष्य से बहुत दूर है, लेकिन अब पिछड़ते हुए सदस्यता अभियान को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद निर्दलीय विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या भी मैदान में उतर गए है। मुख्यमंत्री से फोन पर हुई बातचीत और निर्देशों के बाद से निर्दलीय विधायक आक्या ने अपने कार्यालय में 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं केे साथ बैठक ली। साथ ही अभियान की शुरुआत करते हुए अभियान का लक्ष्य पूरा होने का संकल्प जताया है। वे अभी तक भाजपा की सदस्यता अभियान से दूरी बनाये हुए थे लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर अभियान को गति देने में जुट गये है।

सदस्यता अभियान को लेकर चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि सदस्यता अभियान को लक्ष्य तक लेकर जाएंगे और राजस्थान में सबसे ज्यादा सदस्य बनाने वाला विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। इस संंबंध में उन्होंने हर बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। गौरतलब है कि विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या निर्दलीय चुनाव जीते है, लेकिन उन्होंने भाजपा सरकार को समर्थन किया है। पिछले कई दिनों से भाजपा में चल रही खींचतान के कारण सदस्यता अभियान को गति नहीं मिल पा रहा है। चित्तौड़गढ़ जिले का 3 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

विधानसभा में 60 के मुकाबले 20 हजार भी नहीं बने सदस्य

प्रदेश में प्रत्येक विधानसभा में 60 हजार सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन अभी तक पूरे जिले में ही 60 हजार सदस्य नहीं बन पाये है। चित्तौड़गढ़ जिले के पांचों विधानसभा में 20 हजार सदस्य भी नहीं बने है। ऐसे में सदस्यता अभियान शिथिल हो गया था। इसके बाद नेतृत्व द्वारा हस्तक्षेप किया गया है और भाजपा नेता सक्रिय हुए है। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र में से चार में भाजपा विधायक है, जबकि चित्ताैड़गढ़ से आक्या निर्दलीय विधायक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

   

सम्बंधित खबर