एक राष्ट्र एक चुनाव के लिए हम सबको होना है संकल्पित : अर्चना मिश्रा

उन्नाव, 21 अप्रैल (हि.स.)। 1969 तक लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव एक साथ ही होते थे। उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश को मध्यावधि चुनाव में धकेल दिया। अल्पमत की सरकार में वो शक्तियों का दुरूपयोग नहीं कर पा रही थी। बार बार चुनाव से बढ़ा खर्च जनता पर बोझ पड़ा। यह बात भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने संगोष्ठी में कही।

उन्हाेंने कहा कि आचार संहिता से बार बार व्यवस्थाएं ध्वस्त हो जाती हैं। नेता और राजनीतिक दल हमेशा चुनावी मोड में रहते हैं, इसकी वजह भी है। यहां कभी लोकसभा चुनाव, कभी राज्यों की विधानसभा के चुनाव और कभी स्थानीय निकायों के चुनाव चलते रहते हैं। विकास की गाड़ी पर विराम लगता है। हम विकसित राष्ट्र पहले ही बन जाते। हम राष्ट्र के पैसे का बड़ा हिस्सा चुनाव पर खर्च कर देते हैं। चुनाव में होने वाले खर्च से देश के गांव गरीब वंचित महिला शिक्षा पर उपयोग कर सकते हैं। एक साथ चुनाव में अधिक लोगों को अवसर मिलेगा। एक राष्ट एक चुनाव के लिए हम सबको संकल्पित होना है।

संगोष्ठी में सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक में आयोजित एनजीओ-सामाजिक संगठनों के प्रमुखों और उपस्थित महिलाओं से अपील करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री जिला प्रभारी उन्नाव अर्चना मिश्रा ने कहा आप सब समाज के बीच में काम करते हैं, आप घर चलाती हैं, आपके माध्यम से यह विषय समाज के बीच जाए कि एक देश एक चुनाव कितना आवश्यक है। एक राष्ट्र एक चुनाव जन जन की आवाज बने। एक जागरूक नागरिक के नाते यह हमारा कर्तव्य है। हम राष्ट्रपति को पत्र लिखकर और लिखवाकर अवगत कराएं कि इस देश की जनता एक राष्ट्र एक चुनाव चाहती है।

जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा 47 राजनैतिक दलों में 32 राजनैतिक दलों ने इस बिल का समर्थन किया। इस प्रणाली के लागू होने से सरकारी संसाधनों की बर्बादी रुकेगी, सुरक्षा बलों पर दबाव कम होगा और नागरिकों की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त होगा। निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार ने कहा 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना मोदी जी ने देखा है और हमें भी दिखाया। बार बार का चुनाव विकास में बाधक है। एक राष्ट्र एक चुनाव से विकसित भारत के स्वप्न में आने वाली एक बड़ी कठिनाई दूर होगी। एक राष्ट्र एक चुनाव से राष्ट्र आर्थिक रूप सशक्त होगा तो निश्चित ही विकसित भारत बनेगा।

सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक सभागार अचलगंज व टीकरगढ़ी में एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर आयोजित संगोष्ठी को जिला प्रभारी भाजपा अर्चना मिश्रा ने सम्बोधित किया। टीकरगढ़ी के कार्यक्रम में विधायक पंकज गुप्ता और पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी ने ब्लॉक सभागार सिकंदरपुर कर्ण में विधायक आशुतोष शुक्ला ने भी एक राष्ट्र एक चुनाव के फायदे बताए। टीकरगढ़ी में ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता और अचलगंज में पूर्व जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त किया।

सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा अनुराग अवस्थी , निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार , पूर्व जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ दीक्षित, सुरेंद्र लोधी, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा, समीर शुक्ला भाजपा नेता संदीप पाण्डेय विमल द्विवेदी पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश शुक्ला, अजय बाजपेई, विद्याभाषकर, मंडल अध्यक्ष धीरज शुक्ला, रमा गुप्ता, जितेन्द्र पटेल, अवनीश शुक्ला अखिल गुप्ता एनजीओ-सामाजिक संगठनों के प्रमुखों और महिलाएं आदि उपस्थित रहीं।

बिछिया ब्लॉक के टीकरगढ़ी में मुख्य अतिथि सहित जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी, विधायक पंकज गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, सुशील तिवारी, विमल द्विवेदी, संदीप पांडेय प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित

   

सम्बंधित खबर