हरियाणा में वसुंधरा-भजनलाल-पूनिया सहित पांच नेताओं को बनाया स्टार-प्रचारक

जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में विधानसभा चुनावों को देखते हुए 40 स्टार प्रचारकों की सूची में प्रदेश के पांच नेताओं को भी जगह दी गई हैं। जम्मू-कश्मीर के बाद हरियाणा में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया हैं। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया और उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी को स्टार प्रचारक बनाया गया हैं। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर अब ये नेता पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण के लिहाज़ से अलग-अलग सीटों पर इनकी सभाएं और रैलियां आयोजित की जाएगी।

प्रदेश से मोदी मंत्रिमंडल में चार नेता शामिल हैं। लेकिन, हरियाणा चुनाव में केवल एक केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी मिली हैं। इसकी वज़ह है हरियाणा में जाटों के बाद सबसे बड़ा दलित वोट बैंक। शुरू से ही अर्जुनराम मेघवाल को पार्टी बड़े दलित नेता के रूप में प्रोजेक्ट करती आई है। पिछले कार्यकाल में पीएम मोदी ने मेघवाल को कानून मंत्री बनाकर यह मैसेज देने की कोशिश की थी कि बाबा साहेब अंबेडकर के बाद किसी सरकार ने पहली बार देश में दलित कानून मंत्री बनाया हैं। वहीं इस बार भी अर्जुनराम मेघवाल को कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब पार्टी ने दलित वोट बैंक को साधने के लिए अर्जुनराम मेघवाल को हरियाणा भेजा हैं।

पड़ौसी राज्य होने की वजह से सीएम भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर हरियाणा बॉर्डर के सात जिलों में आने वाली विधानसभा सीटों पर प्रचार की जिम्मेदारी होगी। राजस्थान से हरियाणा के सात जिले सीमा साझा करते है। ये जिले सिरसा, फतेहबाद, हिसार, भिवाणी, महेन्द्रगढ़, रेवाडी और मेवात है। इन जिलों में प्रवासी राजस्थानी भी बड़ी संख्या में रहते है।

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी को भी हरियाणा में स्टार प्रचारक बनाया गया हैं। हरियाणा में करीब आधा दर्जन सीटों पर राजपूत वोटर निर्णायक भूमिका में हैं। ऐसे में संभवत प्रदेश का बड़ा राजपूत चेहरा होने की वजह से उन्हें जगह मिली है। हरियाणा के प्रदेश प्रभारी औऱ जाट नेता सतीश पूनियां को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर