जैसलमेर में चार दिवसीय विश्व विख्यात मरू महोत्सव का आगाज
- Admin Admin
- Feb 09, 2025
जैसलमेर, 9 फ़रवरी (हि.स.)। पर्यटन नगरी जैसलमेर के पोकरण से चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव-2025 का रविवार को शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक महंत प्रतापपुरी ने सालम सागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 10:30 बजे पूजा-अर्चना कर महोत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद शोभायात्रा में कलाकारों ने कीलों और तलवार पर नृत्य प्रस्तुत किया। बीएसएफ के जवान ऊंटों पर बैठकर शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान तक पहुंची, जहां विधायक महंत प्रतापपुरी ने रंगीन गुब्बारे उड़ाने के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। महोत्सव की शुरुआत के साथ ही सुबह 11 बजे पोकरण किले से शोभायात्रा निकली। इस दौरान रास्ते में कई लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय कलाकार रेवंता राम ने गिलास, लोहे की कील और तलवार पर भवई नृत्य किया, जबकि जलाल खान ने भजन पर प्रस्तुति दी।
एसडीएम प्रभजोत सिंह ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय लोक कलाकारों और सेलिब्रिटीज द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान मिस्टर पोकरण और मिस पोकरण प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। महोत्सव में विभिन्न ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं जैसे रस्सा कस्सी, ग्रामीण कुश्ती, मटका रेस और म्यूजिकल चेयर का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। एक साफा बांधने की प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें पांच प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता के लिए एक मिनट का समय दिया गया था। शाम 7 बजे से सेलिब्रिटी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। मशहूर राजस्थानी गायक चुगे खां और सेलिब्रिटी मनीषा शर्मा एवं डी. नवीन अपनी कला से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि महोत्सव के दौरान आने वाले पर्यटकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की गई है और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर